24×7 Breaking News | Latest Updates

Patrkar Press of India
National President
Mr. Vivek Kumar

Head Office:
Model City Mohan Road,
New Airtel Tower, Tower Wali Gali,
Buddheshwar, Lucknow – 226017

Logo
📍 VARANASI | April 29, 2026

LOk VICAR 24*7 NEWS

नारी शक्ति ही नए भारत की ताकत, वाराणसी से पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले, महिला आरक्षण लागू कराने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी सरकार

 

अप्रैल 28, 2026,

ब्यूरो चीफ विवेक सिनहा

लोक विचार 24*7 न्यूज़

वाराणसी उत्तरप्रदेश

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नारी शक्ति ही देश की असली ताकत है। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा देश विकास के मार्ग पर अग्रसर होता है। वे बरेका में मंगलवार को आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कराने की अपना संकल्प दोहराया। भरोसा दिलाया कि इसमें कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे पीएम ने “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने काशी की आध्यात्मिक महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगरी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकट मोचन और मां गंगा की पावन धारा से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि पर बहनों का यह वीशाल समागम कार्यक्रम को और अधिक दिव्य बना रहा है। काशी की महिलाओं को नमन करते हुए उन्होंने इसे “नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव” बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जो क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आम जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनकी प्रगति में हर संभव सहयोग दे रही है। देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं। कई बार उनसे सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और निर्णय उन पर थोप दिए जाते थे। यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि पूरे देश में देखने को मिलती थी। प्रधानमंत्री ने अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह लगभग 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने इस सोच को बदलने का संकल्प लिया और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब देश की माताओं-बहनों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तब से भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें। उन्हें डर है कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से उनकी राजनीति समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सोच “नारी शक्ति का सम्मान” और “नागरिक देवो भव:” की भावना पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के निर्माण में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि 30 करोड़ से अधिक महिलाओं के लिए बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह माताओं-बहनों का आशीर्वाद लेने आए हैं ताकि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने का महत्वपूर्ण लक्ष्य पूरा किया जा सके। उन्होंने काशी के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वाराणसी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, घाटों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास से शहर में नया जीवन आया है।

पीएम के नेतृत्व में नए युग में प्रवेश कर चुका है देशः सीएम योगी

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें “नए भारत का निर्माता” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश एक नए युग में प्रवेश कर चुका है और विकसित भारत का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रदेश की आधी आबादी की ओर से प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समग्र विकास की अवधारणा को भी आत्मसात कर रहा है, जिसमें समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने काशी के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह शहर दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। काशी विश्वनाथ धाम चेतना का केंद्र बन चुका है। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी में अब तक 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 20,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं अभी भी प्रगति पर हैं।

एक शहर नहीं, बल्कि जीवंत चेतना है काशीः नितिन नबीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। नितिन नबीन ने काशी की विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक शहर नहीं, बल्कि एक जीवंत चेतना है। जिस प्रकार मां गंगा भारतीय संस्कृति को सिंचित करती हैं, उसी प्रकार देश की महिलाएं परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्हें घर का मालिकाना हक मिला और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, जो अभूतपूर्व है।