

बांकेगंज चौकी के नवागत प्रभारी सचिन कुमार ने संभाला कार्यभार, अपराध नियंत्रण और जनसहयोग को बताया प्राथमिकता
लोक विचार न्यूज़ संवाददाता अवनीश कुमार
बांकेगंज, खीरी। थाना मैलानी अंतर्गत पुलिस चौकी बांकेगंज में नवागत चौकी प्रभारी सचिन कुमार ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था, पुलिसिंग और जनसमस्याओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों और पत्रकारों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया तथा क्षेत्र की परिस्थितियों की जानकारी ली।
शांति व्यवस्था बनाए रखने में मांगा सहयोग
नवागत चौकी प्रभारी सचिन कुमार ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। क्षेत्र में शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को दें सूचना
उन्होंने ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों से कहा कि आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा असामाजिक तत्व की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। पुलिस आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से काम करेगी।
फरियादियों की समस्याओं का होगा निस्तारण
चौकी प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस चौकी पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाएगी। शिकायतों की जांच कर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।
पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों से किया संवाद
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्यामलाल अग्रवाल, अनिल मिश्रा, संतोष कुमार सक्सेना, अवनीश कुमार, संजीव बाजपेई, नरेंद्र कुमार सहित क्षेत्र के कई संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। सभी ने नवागत चौकी प्रभारी से क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की अपेक्षा जताई।



