

बांकेगंज में नाला निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, पीली ईंटों के इस्तेमाल और आईजीआरएस रिपोर्ट पर शिकायतकर्ता ने जताई आपत्ति
लोक विचार न्यूज़ संवाददाता अवनीश कुमार
बांकेगंज, खीरी। विकासखंड बांकेगंज की ग्राम पंचायत ग्रांट नंबर 10 में नाला निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संसारपुर रोड पर उमेश कुमार के घर के सामने सहित अन्य स्थानों पर बनाए गए नाले के निर्माण में पीली ईंटों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने ग्राम सचिव और ठेकेदार मुकेश वर्मा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निर्माण की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि नाले के निचले हिस्से में करीब नौ इंच की चिनाई की गई, जबकि ऊपरी हिस्से में मिट्टी के सहारे उसे 14 इंच का दिखाया गया। बारिश के दौरान मिट्टी कटने से निर्माण की वास्तविक स्थिति सामने आने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद नाले में लगी कुछ टूटी ईंटों को हटाया गया। इसके बाद बची हुई ईंटों को भी मौके से उठवा लिया गया। ईंटें हटाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, निर्माण में अनियमितता और सामग्री हटाए जाने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
आईजीआरएस निस्तारण पर भी सवाल
शिकायतकर्ता ने अधिकारी सतीश कुमार मौर्य पर आरोप लगाया है कि बिना पूर्व सूचना दिए और शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाए ही आईजीआरएस शिकायत का दोबारा निस्तारण कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने जांच आख्या को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया कि रिपोर्ट में वास्तविक स्थिति से अलग तथ्य दर्ज किए गए हैं। इस मामले में संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है।
अब सवाल यह है कि नाला निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, वास्तविक मोटाई और स्वीकृत बजट के अनुरूप कार्य हुआ या नहीं। संबंधित विभाग से मांग की गई है कि मौके पर तकनीकी टीम भेजकर निर्माण की गुणवत्ता, माप पुस्तिका, भुगतान विवरण और आईजीआरएस जांच रिपोर्ट की निष्पक्षता की जांच कराई जाए, ताकि सरकारी धन के उपयोग की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।




