

बरेली में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, रामपुर के दो आरोपी गिरफ्तार; 6.50 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा बैंक खाते उपलब्ध कराकर निकालते थे ठगी की रकम, तीन मोबाइल फोन और बैंक दस्तावेज बरामद; तीसरा आरोपी फरार
ब्रेकिंग न्यूज़ बरेली
बरेली। साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर धोखाधड़ी की रकम निकालने वाले गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रामपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस की जांच में दो बैंक खातों से जुड़े कुल 6.50 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, 24 और 25 अक्टूबर की दरम्यानी रात मुखबिर की सूचना पर सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने अरुण मौर्य (24), निवासी ग्राम नीस्वी, थाना मिलक और अमित कुमार (25), निवासी ग्राम फतेहपुर, थाना शहजादनगर, जनपद रामपुर को गिरफ्तार किया। मौके पर मौजूद तीसरा व्यक्ति फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पांच लाख खाते में आए, चार लाख रुपये निकाले
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी कथित तौर पर साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इन खातों में ठगी की रकम आने के बाद एटीएम या चेक के जरिए नकदी निकाली जाती थी और संबंधित लोगों तक पहुंचाई जाती थी। इसके बदले आरोपियों को हर बार पांच हजार रुपये देने का लालच दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, अरुण मौर्य के एक्सिस बैंक खाते में करीब दो से तीन दिन पहले पांच लाख रुपये आए थे। इनमें से चार लाख रुपये बरेली की सिविल लाइंस स्थित बैंक शाखा से निकाले गए, जबकि 90 हजार रुपये गेमिंग आईडी में ट्रांसफर किए गए। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदा गया एक एप्पल मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
राजस्थान में दर्ज मिलीं साइबर ठगी की शिकायतें
एनसीआरपी पोर्टल पर की गई जांच के दौरान एक बैंक खाते से पांच लाख रुपये और दूसरे खाते से डेढ़ लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें राजस्थान में दर्ज मिलीं। इस तरह दोनों खातों से जुड़ी शिकायतों में कुल 6.50 लाख रुपये की रकम सामने आई है।
तीन मोबाइल और बैंक दस्तावेज बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, चेकबुक, चार आधार कार्ड, पासबुक और अन्य बैंक संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों और बैंक खातों के माध्यम से गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
एसपी क्राइम मनीष सोनकर के मुताबिक, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, फरार आरोपी और साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह के तार अन्य साइबर ठगी की घटनाओं से भी जुड़े हैं या नहीं।
सत्येंद्र सिंह की रिपोर्ट





