

तिराहे पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दो गंभीर घायल एक की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर
कुरारा/हमीरपुर। कस्बे के बेरी तिराहे पर बुधवार सुबह हमीरपुर-कालपी हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे बेरी तिराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार समीर (16) पुत्र राजू, निवासी मेन बाजार कुरारा और दूसरी बाइक पर सवार लाखन (30) पुत्र चुनुवाद, निवासी जल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरारा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लाखन की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि समीर का सीएचसी में उपचार जारी है।
रिपोर्ट—संदीप धुरिया
जिला हमीरपुर



