

शंकर जी के मंदिर से घंटा चोरी, सीसीटीवी फुटेज के बावजूद पुलिस के हाथ खाली आधारपुर में सोमवार को हुई घटना, पुजारी ने चोर की गिरफ्तारी और घंटा बरामदगी की मांग की
लोक विचार न्यूज़ पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ
लखीमपुर खीरी। थाना फरधान क्षेत्र के आधारपुर गांव स्थित शंकर जी के मंदिर से सोमवार को घंटा चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी के मुताबिक घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना से जुड़ी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति के मंदिर परिसर में आने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद अभी तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है।
पुजारी ने बताया कि सोमवार को मंदिर से घंटा गायब मिला। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। पुजारी ने पुलिस से फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर चोरी का घंटा बरामद कराने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुजारी का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई थी और सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। ऐसे में पुलिस से उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर जल्द चोर तक पहुंचकर मंदिर से चोरी हुए घंटे की बरामदगी की जाएगी।
वहीं थाना प्रभारी फरधान निराला तिवारी ने बताया कि मंदिर से घंटा चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी, लेकिन अभी तक थाने पर कोई लिखित प्रार्थना पत्र नहीं आया है। उनका कहना है कि प्रार्थना पत्र मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि लिखित शिकायत के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा कब तक करती है।



