

अजीत की मौत का राज गहराया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खड़े किए कई गंभीर सवाल सिर की हड्डी टूटी, पसलियां टूटीं और फेफड़ा फटा; 7 दिन बाद भी कार्रवाई का इंतजार
लोक विचार न्यूज़ संवाददाता अवनीश कुमार
बांकेगंज। थाना हैदराबाद क्षेत्र के इमलिया गांव के निकट सड़क किनारे मृत मिले शौर्य हॉस्पिटल के संचालक अजीत कुमार (36) की मौत का मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद और पेचीदा हो गया है। रिपोर्ट में सिर और सीने में गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद घटना की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मृत्यु का कारण अत्यधिक रक्तस्राव और शॉक बताया गया है।
रिपोर्ट में सिर की हड्डी टूटने, पसलियों में चोट और फेफड़ा फटने जैसी गंभीर चोटें सामने आने की बात कही जा रही है। वहीं, जिस कार से अजीत के जाने की बात सामने आई थी, वह गन्ने के खेत में दलदल में फंसी मिली थी। कार में ऐसी स्पष्ट क्षति नहीं मिलने की चर्चा है, जो इन गंभीर चोटों की वजह को पूरी तरह स्पष्ट कर सके।
घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थानीय लोगों के बीच भी कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अजीत के सिर, नाक और कान से रक्तस्राव हुआ था, ऐसे में वाहन के आगे के हिस्से या स्टीयरिंग पर रक्त के निशान होने को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। पीछे की सीट पर रक्त के निशान होने की चर्चा ने भी मामले को और रहस्यमय बना दिया है। हालांकि इन सभी बिंदुओं की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के 7 दिन बीत जाने के बावजूद कार्रवाई सामने न आने से परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष है। अब मांग उठ रही है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोटों, वाहन की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों को जोड़कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। अजीत की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई और वजह, इसका जवाब अब पुलिस की जांच पर टिका है।



