

590 ग्राम नशीले पाउडर के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार
फरधान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में की कार्रवाई, नकहा पिपरी-मोहम्मदपुर मार्ग से हुई गिरफ्तारी
लोक विचार न्यूज़ पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ
लखीमपुर खीरी। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में फरधान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 590 ग्राम अवैध अल्प्रासेफ नशीला पाउडर बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार टीम नकहा पिपरी से मोहम्मदपुर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग नशीले पदार्थ का सेवन करने के साथ उसकी बिक्री भी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्लिम, शान खान, अन्नू खान और फुरकान निवासी पड़रिया कला, थाना फरधान तथा सुरेश कुमार निवासी झखरा पिपरी, थाना फूलबेहड़ के रूप में हुई। इनके कब्जे से क्रमशः 130, 125, 110, 115 और 110 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया।
थाना प्रभारी निराला तिवारी ने बताया कि नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आरोपियों के विरुद्ध थाना फरधान में मुकदमा अपराध संख्या 333/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजबहादुर, उपनिरीक्षक आकाश भाटी, हेड कांस्टेबल मो. वकील, कांस्टेबल दीपक कुमार, सतेन्द्र सिंह और हरीश कुमार शामिल रहे।




