

LOK VICHAR 24*7 NEWS
विश्व पर्यावरण दिवस पर हरित संकल्प संकटमोचन फाउंडेशन और मदर्स फॉर मदर ने किया वृहद पौधारोपण
जून 5, 2026,
ब्यूरो चीफ विवेक सिनहा
वाराणसी उत्तरप्रदेश
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देने के उद्देश्य से संकट मोचन फाउंडेशन एवं मदर्स फॉर मदर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना तथा बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।
अभियान का शुभारंभ संकट मोचन फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने पौधारोपण कर किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के तहत दो प्रमुख स्थलों पर पौधारोपण किया गया। पहला चरण नगवा स्थित तुलसी विद्या निकेतन (टीवीएन) परिसर में आयोजित हुआ, जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सहभागिता से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसके बाद संकट मोचन मंदिर परिसर में औषधीय, छायादार तथा पारंपरिक महत्व वाले पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने कहा कि नई पीढ़ी को बचपन से ही प्रकृति और पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पेड़ों की उपयोगिता, पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका तथा हरित क्रांति की आवश्यकता के प्रति जागरूक करना रहा।
समारोह में पूर्व निदेशक आईआईटी (बीएचयू) प्रो. एस.एन. उपाध्याय, बीएचयू के प्रो. एन.के. दुबे, संकट मोचन फाउंडेशन एवं मदर्स फॉर मदर की प्रतिनिधि अदिति मिश्रा और सुमेधा मिश्रा, तुलसी विद्या निकेतन के प्रधानाचार्य एस.एन. श्रीवास्तव सहित अनेक शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



