

तीन फीट जमीन के विवाद में मासूम की गला रेतकर हत्या, मां पर भी किया जानलेवा हमला
पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ लोक विचार न्यूज़
लखीमपुर खीरी। कोतवाली निघासन क्षेत्र के तारा नगर गांव में गुरुवार देर रात जमीन विवाद को लेकर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मात्र तीन फीट जमीन के विवाद में दो चाचाओं ने कथित रूप से अपने ही 8 वर्षीय भतीजे की मां के सामने गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपियों ने बच्चे की मां पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़िता ज्ञानवती के अनुसार, वह अपने 8 वर्षीय पुत्र रवि के साथ घर में सो रही थीं। रात करीब 1:45 बजे पति के चचेरे भाई सियाराम और हरेराम घर में घुस आए। आरोप है कि सियाराम ने ज्ञानवती को पकड़ लिया, जबकि हरेराम ने मासूम रवि की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने ज्ञानवती की गर्दन और हाथ पर भी कई वार किए तथा मौके से फरार हो गए।
घायल मां-बेटे को परिजन एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रवि ने दम तोड़ दिया। घायल महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की वजह जमीन का पुराना विवाद बताया जा रहा है। कोतवाल अवध राज सिंह सेंगर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



