24×7 Breaking News | Latest Updates

Patrkar Press of India
National President
Mr. Vivek Kumar

Head Office:
Model City Mohan Road,
New Airtel Tower, Tower Wali Gali,
Buddheshwar, Lucknow – 226017

Logo
📍 Unknown | May 11, 2026

LOK VICHAR 24*7 NEWS

*वाराणसी: कबीरचौरा अस्पताल को मिलेगी सुपर स्पेशलिटी की सौगात, विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया भूमि पूजन*

 

*ब्यूरो चीफ विवेक सिनहा*

*वाराणसी, उत्तर प्रदेश* |

 

वाराणसी के ऐतिहासिक शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय, कबीरचौरा को अब सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। रविवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर 315 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पिछले वाराणसी दौरे में 28 अप्रैल को इस परियोजना का शिलान्यास किया था।

*500 बेड का होगा अस्पताल, बनेंगे 8 मंजिला दो टावर*

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि वर्ष 1870-75 में स्थापित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय पूर्वांचल के लाखों लोगों के इलाज का प्रमुख केंद्र रहा है। जर्जर हो चुकी पुरानी इमारतों की जगह अब अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन बनेगा।

वर्तमान में 300 बेड क्षमता वाले अस्पताल का विस्तार कर उसे 500 बेड का किया जाएगा। नई परियोजना के तहत दो टावरों वाला आठ मंजिला सुपर स्पेशलिटी भवन तैयार होगा।

*ये होंगी प्रमुख सुविधाएं*

1. *विशेष इकाइयां*: हृदय रोग, न्यूरो और कैंसर मरीजों के लिए समर्पित विभाग।

2. *क्रिटिकल केयर*: 50 से अधिक ICU बेड और 100 से अधिक HDU बेड।

3. *डायलिसिस*: किडनी रोगियों के लिए 20 बेड का अत्याधुनिक डायलिसिस वार्ड।

4. *चाइल्ड यूनिट*: बच्चों के उपचार के लिए समर्पित यूनिट। साथ ही महिला अस्पताल में बच्चों के लिए अलग ICU भवन बनेगा।

5. *पार्किंग*: मरीजों-तीमारदारों के लिए 600+ वाहनों की पार्किंग व्यवस्था।

*315 करोड़ का बजट, उपकरणों के लिए अलग से फंड*

डॉ. तिवारी ने बताया कि भवन निर्माण के लिए 315 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के लिए अलग से बजट दिया जाएगा।

*पूर्वांचल को मिलेगा लाभ*

वर्तमान में यहां रोजाना 2 से 3 हजार मरीज ओपीडी में आते हैं। कई बार यह संख्या 4 हजार तक पहुंच जाती है। वाराणसी के अलावा पूर्वांचल के जिलों व पड़ोसी राज्यों से भी मरीज यहां आते हैं। विधायक ने कहा कि पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच के तहत इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम हो रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद यह अस्पताल पूर्वांचल का सबसे आधुनिक, विश्वस्तरीय सरकारी अस्पताल बनेगा। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उच्चस्तरीय निःशुल्क इलाज मिलेगा और काशी स्वास्थ्य सेवाओं में नई पहचान बनाएगी।