

ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसा: 5 की मौत, 15 घायल मुंडन संस्कार में जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ओवरलोडेड ट्रॉली खाई में गिरी
लोक विचार न्यूज़ पीयूष दक्षित
निघासन खीरी। पढुआ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लगभग 80-90 श्रद्धालु मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र स्थित कारीकोट देव स्थान जा रहे थे। तभी रास्ते में संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में जा गिरी। हादसे के समय दो ट्रॉलियों को आपस में जोड़कर एक साथ चलाया जा रहा था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने अचानक एक वाहन आ जाने से ड्राइवर ने उसे बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन द्वारा घायलों का इलाज कराया जा रहा है तथा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में मृतकों के नाम:
आरुषि (12) पुत्री विनोद,
राजकुमारी (40) पत्नी केश कुमार,
नैंसी देवी (15) पुत्री रमाकांत,
पंछी (16) पुत्री विशंभर,
मखाना (45) पत्नी मेवालाल, निवासी सेमरी।




