

36 घंटे से लगातार बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित, बिजली व्यवस्था चरमराई
बदायूं। उसहैत क्षेत्र में पिछले करीब 36 घंटों से लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। लगातार खराब मौसम के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह चरमरा गई है। आंधी और बारिश के कारण किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
उसहैत बिजली घर के जेई बालकृष्ण प्रजापति ने बताया कि 33/11 केवी उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले खेड़ा जलालपुर ग्रामीण एवं कृषि, सरेली ग्रामीण एवं कृषि, दलेल नगर ग्रामीण एवं कृषि, रिजोला कृषि और शाहपुर कृषि समेत पांच फीडर कल रात करीब 8 बजे से बंद हैं।
जेई के अनुसार, आंधी और बारिश के कारण बिजली की लाइनों में कई स्थानों पर फॉल्ट आए हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। विभागीय कर्मचारी फॉल्ट तलाशने और आपूर्ति बहाल करने के लिए जुटे हुए हैं।
लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं खेतों में खड़ी फसलों को तेज हवाओं और बारिश से नुकसान होने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है।



