

लखीमपुर खीरी।सर्वर और मशीनें खराब, किसान बेहाल: साधन सहकारी समितियों पर थमा कामकाज, मायूसी का माहौल
# सर्वर और मशीनें खराब, किसान बेहाल: साधन सहकारी समितियों पर थमा कामकाज, मायूसी का माहौल
लोक विचार न्यूज़ ब्यूरो चीफ पीयूष दीक्षित
**लखीमपुर खीरी:** जनपद की बहुउद्देशीय साधन सहकारी समितियों में पिछले एक सप्ताह से तकनीकी खराबी के चलते हाहाकार मचा हुआ है। किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए इस्तेमाल होने वाली अंगूठा लगाने वाली पॉस (POS) मशीनें और सर्वर लगातार फेल हो रहे हैं। इस संकट के कारण किसान तड़के ही समितियों पर पहुंच जाते हैं, लेकिन दिनभर कतारों में खड़े रहने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। यह समस्या किसी एक समिति की नहीं, बल्कि पूरे जिले की है।
> **समस्या प्रदेश स्तर की, केंद्र से वार्ता जारी: AR कोऑपरेटिव**
> मामले में **सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता (AR कोऑपरेटिव)**, लखीमपुर खीरी ने बताया कि यह तकनीकी समस्या केवल जिले तक सीमित न होकर पूरे प्रदेश में बनी हुई है। रविवार को सॉफ्टवेयर दुरुस्त करने के बाद सोमवार को खाद का वितरण हुआ था, लेकिन इसके बाद दोबारा तकनीकी बाधा आ गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थायी समाधान के लिए कृषि मंत्रालय, भारत सरकार से लगातार वार्ता चल रही है और जल्द ही व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी।
>
मशीनों और सर्वर के इस धोखे से कृषि कार्यों के महत्वपूर्ण समय में किसानों का कीमती वक्त बर्बाद हो रहा है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द राहत देने की मांग की है।




