

रफ़्तार का कहर: हैदराबाद क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी मोटरसाइकिल, अठारह वर्षीय विमल की मौके पर ही दर्दनाक मौत
पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ लोक विचार न्यूज़
लखीमपुर खीरी। जिले के थाना हैदराबाद क्षेत्र के अंतर्गत अम्बरपुर भट्टे के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 जून 2026 को शाम करीब 7:30 बजे विमल गौतम (18 वर्ष) पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी ग्राम सुंदरपुर, थाना मोहम्मदी, अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP31CJ0255 से महेशापुर से अपने घर सुंदरपुर जा रहा था। इसी दौरान अम्बरपुर भट्टे के पास उसकी मोटरसाइकिल की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विमल गौतम की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की विधिक कार्रवाई पूरी की।
प्रभारी निरीक्षक थाना हैदराबाद ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मर्चरी हाउस, लखीमपुर खीरी भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।



