

पुलिस मुठभेड़ में दो वांछित आरोपी ढेर नहीं, दबोचे गए!
फरधान-नीमगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली, चोरी का माल और दो तमंचे बरामद
लोक विचार न्यूज़ ब्यूरो चीफ
लखीमपुर खीरी। शुक्रवार रात बेल रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ से हड़कंप मच गया। फरधान और नीमगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक रोकने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर तमंचों से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार, नायरा पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसरत अली उर्फ छोटा तालिब निवासी गौरिया और अमान खान उर्फ मान निवासी पठाननपुरवा, थाना फरधान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो देशी तमंचे 315 बोर, कारतूस, करीब 20 मीटर छिला हुआ कॉपर का तार और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और फरधान, नीमगांव समेत कई थानों में उनके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच तेज कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



