24×7 Breaking News | Latest Updates

Patrkar Press of India
National President
Mr. Vivek Kumar

Head Office:
Model City Mohan Road,
New Airtel Tower, Tower Wali Gali,
Buddheshwar, Lucknow – 226017

Logo
📍 Unknown | May 16, 2026

दुधवा में दिखा दुर्लभ “कामन ब्रॉजबैक ट्री स्नेक”, वन्यजीव प्रेमियों में खुशी

लोक विचार न्यूज़

खबर दृष्टिकोण संवाददाता

दुधवा टाइगर रिजर्व की बेलरायां रेंज में पक्षी सर्वेक्षण के दौरान दुर्लभ प्रजाति का “कामन ब्रॉजबैक ट्री स्नेक” दिखाई देने से वन्यजीव प्रेमियों, शोधार्थियों और प्रकृति संरक्षण से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है। विशेषज्ञ इसे दुधवा की समृद्ध एवं संतुलित जैव विविधता का सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मोटीवेटर नाजरुन निशा बेलरायां रेंज के ग्रासलैंड क्षेत्र में बर्ड सर्वे कर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ों के बीच तेजी से सरकते एक दुर्लभ सर्प पर पड़ी। वन्यजीवों, विशेषकर सर्पों के रेस्क्यू और अध्ययन में रुचि रखने वाली नाजरुन निशा ने तत्काल उसकी तस्वीरें और वीडियो सुरक्षित किए। बाद में विशेषज्ञों द्वारा गहन अध्ययन के बाद इस सर्प की पहचान “कामन ब्रॉजबैक ट्री स्नेक” के रूप में की गई।

वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक यह सर्प अपने पतले शरीर, भूरे-तांबे जैसे चमकदार रंग और पेड़ों पर रहने की विशेष आदत के लिए जाना जाता है। इसकी सबसे खास बात पेड़ों की टहनियों के बीच अत्यंत तेजी से चलने और वातावरण में आसानी से घुल-मिल जाने की क्षमता है, जिसके कारण इसे पहचान पाना काफी कठिन होता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार के दुर्लभ सर्पों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि दुधवा का जंगल अब भी प्राकृतिक रूप से संतुलित और वन्यजीवों के लिए सुरक्षित आवास बना हुआ है। दुधवा टाइगर रिजर्व में लगातार दुर्लभ जीव-जंतुओं के मिलने से यह क्षेत्र वन्यजीव अनुसंधान और जैव विविधता संरक्षण के लिहाज से और अधिक महत्वपूर्ण बनता जा रहा है।

स्थानीय वन्यजीव प्रेमियों ने इस खोज को दुधवा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे लोगों में प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।