

गंगा सप्तमी पर अनुपशहर में जगह-जगह भंडारे, श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद शोभायात्रा, गंगा आरती और सेवा कार्यों से गूंजा ‘छोटी काशी’ का माहौल
लोक विचार न्यूज़ पंडित दिनेश शर्मा, अनूपशहर
अनूपशहर (छोटी काशी)। गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर नगर में धार्मिक आस्था और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर भंडारों एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
तहसील प्रांगण में आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं फव्वारा चौक पर पूर्व सैनिक जिला अध्यक्ष हरि प्रकाश द्वारा सैनिकों के साथ भंडारा कर नगरवासियों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त नगर के अन्य स्थानों पर भी भंडारों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मां गंगा की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जो शिव चौक से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए लाल महादेव मंदिर तक पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से मां गंगा का गुणगान किया और अंत में आरती उतारी।
जेपी घाट पर नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश गोयल द्वारा भंडारे का आयोजन कराया गया, जबकि दिनेश घाट पर गंगा आरती, प्रसाद वितरण एवं भंडारा संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने पुलिस बल के साथ व्यवस्था बनाए रखने में विशेष सहयोग प्रदान किया।



