

काम दिलाने की बात पर विवाद, युवक का अंगूठा दांतों से काटकर किया लहूलुहान फावड़े से भी हमला करने का आरोप, पीड़ित ने संसारपुर चौकी में दी तहरीर
लोक विचार न्यूज़ पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ
संसारपुर, खीरी। मैलानी थाना क्षेत्र की संसारपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम राजेपुर में काम दिलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने दूसरे युवक पर मारपीट करने और दांतों से अंगूठा काटकर लहूलुहान करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने संसारपुर चौकी पहुंचकर पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
राजेपुर निवासी प्रदीप कुमार पुत्र कालीचरण के अनुसार वह गांव के ही विवेक से दिल्ली में काम पर जाने को लेकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बोधिया निवासी प्रमोद पुत्र तिलकराम वहां पहुंचा और बातचीत में हस्तक्षेप करते हुए विवाद करने लगा। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर प्रमोद ने प्रदीप का हाथ पकड़ लिया और उसका अंगूठा मुंह में दबाकर दांतों से काट दिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने अंगूठे को चबाने तक की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर फावड़ा उठाकर हमला करने का भी प्रयास किया। घटना के बाद पीड़ित ने संसारपुर पुलिस चौकी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी।
प्रदीप ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोपी के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।



