

ई-रिक्शा चालक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, 2 बाल अपचारी हिरासत में फरधान पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, मृतक का शव और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा समेत बैटरियां बरामद
लोक विचार न्यूज़ ब्यूरो चीफ पीयूष दीक्षित
लखीमपुर खीरी। थाना फरधान पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा चालक विनीत कुमार की हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 17 और 15 वर्ष के 2 बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उनकी निशानदेही पर मृतक का शव अमानलाला पुल के पास नहर किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, मृतक का ई-रिक्शा और ई-रिक्शा की बैटरियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 04 अगस्त 2026 को वादी पंकज कुमार पुत्र श्रवण कुमार निवासी सूरजसराय थाना फरधान ने अपने भाई विनीत कुमार की गुमशुदगी के संबंध में सूचना दी थी। सूचना के आधार पर थाना फरधान में गुमशुदगी संख्या 013/2026 दर्ज की गई। इसके बाद 05 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली सदर में मुकदमा संख्या 0626/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। चूंकि मूल गुमशुदगी थाना फरधान में दर्ज थी, इसलिए मामले की विवेचना थानाध्यक्ष फरधान को सौंपी गई।
विनीत कुमार की सकुशल बरामदगी और घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष फरधान, एसओजी तथा सर्विलांस की संयुक्त टीमें गठित की गईं। टीमों ने भंसड़िया क्रॉसिंग, दीन दयाल उपाध्याय चौराहा, खखरा चौराहा और छाउछ चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।
सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम देवरिया थाना फरधान निवासी 17 और 15 वर्ष के 2 बाल अपचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने विनीत कुमार की गला दबाकर हत्या करने तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को अमानलाला पुल के पास नहर किनारे झाड़ियों में फेंकने की बात स्वीकार की।
बाल अपचारियों की निशानदेही पर पुलिस ने अमानलाला पुल के पास नहर किनारे झाड़ियों से विनीत कुमार का शव बरामद किया। पुलिस ने नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी सदर खीरी भेज दिया।
पुलिस ने मामले में धारा 140(3) बीएनएस का लोप करते हुए धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस की वृद्धि की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह हुई बरामदगी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा संख्या UP31BT7970, मृतक विनीत कुमार का ई-रिक्शा संख्या UP31CT7978 तथा ई-रिक्शा की बैटरियां बरामद की हैं।
संयुक्त पुलिस टीम
थाना फरधान पुलिस टीम: थानाध्यक्ष निराला तिवारी, उपनिरीक्षक राजबहादुर, उपनिरीक्षक आकाश भाटी, हेड कांस्टेबल कृष्णानन्द, कांस्टेबल सतेन्द्र कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल विकास कुमार और कांस्टेबल गुलशन कुमार शामिल रहे।
एसओजी टीम खीरी: उपनिरीक्षक जय प्रकाश यादव प्रभारी एसओजी, हेड कांस्टेबल मनीष यादव, कांस्टेबल श्रीओम मिश्रा, कांस्टेबल गोल्डन, कांस्टेबल विकाश यादव, कांस्टेबल विकाश चौहान और कांस्टेबल अरुण शामिल रहे।
सर्विलांस सेल खीरी: कांस्टेबल उमेश मिश्रा और कांस्टेबल महताब आलम शामिल रहे।




