
नशे में धुत फॉलोअर की तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर
सुमेरपुर/हमीरपुर। सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को नशे की हालत में तेज रफ्तार कार चलाने का आरोप थाने में तैनात फॉलोअर पर लगा है। बस स्टैंड के पास बेकाबू कार ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और करीब 50 मीटर आगे बढ़ने के बाद दूसरे बाइक सवार को भी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। लगातार दो युवकों को टक्कर लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक फॉलोअर देवेंद्र कुमार को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कार चालक के नशे में होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। हादसे में घायल दोनों युवकों की स्थिति और घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस से जानकारी जुटाई जा रही है।
