

सड़क किनारे मांस-मछली की बिक्री पर उठे सवाल, बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन*
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में खुले में संचालित हो रही मांस और मछली की दुकानों को लेकर विवाद गहराने लगा है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर निर्धारित मानकों के विपरीत चल रही दुकानों की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रहमानिया मार्ग, इलाही तालाब, बड़ा चौराहा समेत कई स्थानों पर सड़क किनारे और रिहायशी इलाकों में मांस-मछली की बिक्री की जा रही है। उनका कहना है कि खुले में मांस की बिक्री से गंदगी और दुर्गंध फैलने के साथ आसपास के लोगों तथा राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि पुराने बस स्टैंड परिसर में मांस-मछली की बिक्री के लिए बाजार संचालित है, जहां दुकानदारों के लिए व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कुछ लोग निर्धारित स्थान से बाहर दुकानें लगाकर कारोबार कर रहे हैं।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूर्व जिला संयोजक आशीष सिंह उर्फ अल्लू, शिवेंद्र सिंह, आकाश शुक्ला, सूरज गुप्ता, कपिल कुमार, आकाश सिंह और ओमी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने कहा कि शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-02 : उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते बजरंग दल कार्यकर्ता।





